मकान खाली करने के विवाद ने लिया खौफनाक रूप, घटना के बाद आरोपी पति फरार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे में धुत एक पति ने अपनी ही पत्नी का सिर बाथरूम के पास पटककर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका पुष्प लता यादव (37 वर्ष) नेहरू नगर स्थित MIG-33 मकान में अपने पति युवराज यादव (43 वर्ष) के साथ रहती थी। युवराज यादव मूल रूप से कोटा क्षेत्र के मोहन भाटा का निवासी बताया जा रहा है और फिलहाल बिलासपुर में रह रहा था।
मकान खाली करने की बात से भड़का विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 1 बजे मकान मालकिन घर खाली करने की बात कहने के लिए पहुंची थी। इसी बात को लेकर घर के अंदर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय युवराज यादव शराब के नशे में था।

विवाद के दौरान उसने पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया। आरोपी ने पत्नी को मारते-पीटते हुए घर के अंदर खींच लिया।
बाथरूम के पास पटक दिया सिर गुस्से में आरोपी ने पत्नी का सिर बाथरूम के पास जोर से पटक दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। चोट इतनी गंभीर थी कि पुष्प लता यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इलाके में फैली सनसनी
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से नेहरू नगर क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता रहता था, लेकिन इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी।

