मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली/पथरिया मुंगेली पुलिस ने नाबालिग
बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान से जुड़ा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में महिला संबंधी लंबित अपराधों और गुम बालक-बालिकाओं के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना पथरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 7 मार्च 2026 को थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से डिघोरा निवासी बिट्टू कुर्रे से हुई थी। पहचान बढ़ने के बाद आरोपी उसे बिलासपुर घुमाने ले गया और 8 अक्टूबर 2025 को मंदिर घुमाने के बहाने उसे अपने गांव डिघोरा ले आया। वहां आरोपी ने पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 57/2026 दर्ज कर धारा 137(2), 64, 64(2)(ड), 351(3) बीएनएस तथा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला कायम किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी डायनी उर्फ बिट्टू कुर्रे (18 वर्ष 4 माह) निवासी डिघोरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे 7 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरिजा शंकर यादव, सहायक उपनिरीक्षक नरेश साहू सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

