एसएसपी रजनेश सिंह के महिला संबंधित मामले पर तत्काल निर्देश के आदेश पर हुआ अमल…कुछ ही घंटों में आरोपी सलाखों के पीछे…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और गर्भवती होने पर गर्भपात कराने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने बेहद तेजी से गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की शिकायत दर्ज होते ही सरकंडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 07 मार्च 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बिलासपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। इसी दौरान कॉलेज में उसकी पहचान गौरव दुबे से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार इस दौरान वह गर्भवती हो गई, जिस पर आरोपी गौरव दुबे ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और अंततः शादी से साफ इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तुरंत टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन/सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर 08 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 331/2026 धारा 69, 89 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:-
गौरव दुबे पिता मनहरण दुबे, उम्र 21 वर्ष, निवासी दीनदयाल कॉलोनी के पास मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में बिलासपुर पुलिस सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई कर रही है और आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाने में देर नहीं कर रही।

