चकरभाठा पुलिस ने की छापामार कार्रवाई….हुक्काबार का पूरा धुआँधार कारोबार कराया बंद…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शहर में नियमों की धज्जियां उड़ाकर होटल की छत पर खुलेआम हुक्काबार चलाने का खेल आखिरकार पुलिस की नजर से बच नहीं सका। चकरभाठा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर होटल शिवा इन में छापा मारकर हुक्काबार का पूरा धुआँधार कारोबार ही बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से संचालक सिद्धार्थ गुप्ता को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में हुक्का सामग्री और नकदी जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित होटल, बार और हुक्काबारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी चकरभाठा उमेश साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
08 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर खुलेआम हुक्काबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापे के दौरान होटल की छत पर हुक्काबार संचालित होता मिला, जहां से पुलिस ने संचालक सिद्धार्थ गुप्ता पिता ओमप्रकाश गुप्ता (उम्र 39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 12 नग हुक्का पॉट, 12 नग स्टैंड, 12 नग चिलम, 12 नग पाइप, 06 पैकेट कोको जेल कोयला, 01 कोल हिटर, 03 प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग फ्लेवर युक्त तंबाकू और सिगरेट तथा 5000 रुपये नकद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्काबार, बार और अन्य गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

