नशे के सौदागरों पर रतनपुर पुलिस का ऐतिहासिक प्रहार….! 245 किलो गांजा और करोड़ों की खेप जब्त…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए 245 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा वाहन भी जब्त किया गया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई है, वहीं वाहन सहित कुल जब्ती लगभग 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि मारुति अर्टिगा कार क्रमांक CG 04 QD 7255 में भारी मात्रा में अवैध गांजा कटघोरा की ओर से मरवाही मार्ग होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके दिशा-निर्देश में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेडीमुंडा के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक और आरोपी अमित कुमार केवट को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार केवट पिता त्रिवेणी प्रसाद केवट, उम्र 33 वर्ष, निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की विशेष भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में एसीसीयू और रतनपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ अब लगातार कठोर अभियान जारी रहेगा। अपराधियों के लिए यह कार्रवाई एक बड़ा संदेश है कि कानून से बच पाना अब आसान नहीं होगा।

