धुएं से राहत जरूरतमंदों को बड़ी सौगात बिलासपुर में 5 किलो गैस सिलेंडर योजना हुई शुरू…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर में जरूरतमंद परिवारों, प्रवासी श्रमिकों और विद्यार्थियों के लिए राहत भरी पहल करते हुए फ्री ट्रेड एलपीजी योजना के तहत 5 किलो के छोटे गैस सिलेंडर वितरण की शुरुआत की गई है। अमेरी अकबरी गैस एजेंसी में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से इस योजना का शुभारंभ किया गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य उन लोगों तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाना है, जो अब तक गैस कनेक्शन जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित थे। कार्यक्रम में फूड ऑफिसर अमृत कुजूर और ऑयल कंपनी के जिला नोडल अधिकारी हेमप्रकाश साहू की उपस्थिति में हितग्राहियों को छोटे गैस सिलेंडर वितरित किए गए।

योजना के तहत अब शहर के सभी गैस वितरकों के यहां इंडेन सहित 5 किलोग्राम के छोटे गैस सिलेंडर उपलब्ध रहेंगे। इसकी रिफिल 615 रुपये में मिलेगी, जबकि पहली बार कनेक्शन लेने के लिए 945 रुपये की सुरक्षा निधि जमा करनी होगी, जिसे बाद में वापस कर दिया जाएगा।

यह योजना खासतौर पर प्रवासी श्रमिकों, किराये पर रहने वाले लोगों, विद्यार्थियों और छोटे परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। सबसे बड़ी राहत यह है कि प्रवासी श्रमिकों को बिना स्थायी पते के भी गैस कनेक्शन दिया जा रहा है, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिलेगी।

शासन की इस पहल से अब जरूरतमंद परिवारों को धुएं से मुक्ति मिलेगी और वे सुरक्षित, स्वच्छ तथा सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ सकेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन में इंडेन गैस के अधिकारियों, स्थानीय वितरकों और अमेरी अकबरी गैस एजेंसी के संचालक रविन्द्र कौशिक एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

