बच्चों की शानदार प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोहा दर्शकों की खूब बटोरी तालियां…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर के ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में पिछले 10 दिनों से चल रही समर क्लास का शानदार समापन हुआ। समापन समारोह के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी से लेकर कक्षा 11वीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ इस शिविर में भाग लिया।

समर कैंप के दौरान बच्चों को पेंटिंग, डांस, क्राफ्ट, योग, ताइक्वांडो, मेहंदी, कविता पाठ, वैदिक गणित, बस्तर आर्ट जैसी कई नई विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें विभिन्न प्रकार के खेलों में भी शामिल किया गया। शिक्षकों ने बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने पर विशेष ध्यान दिया।

कक्षा छठवीं की छात्रा ताप्ती ने अपने सुंदर कथक नृत्य से सभी का मन मोह लिया। कक्षा पांचवीं की छात्रा रिवा ने Albert Einstein के अंतरिक्ष और उनके अनोखे आविष्कारों के बारे में रोचक जानकारी देकर सभी को प्रभावित किया। वहीं अनुष्का पुरे ने ज्ञानवर्धक कहानी सुनाई।

नर्सरी के बच्चों की तोतली बोली में प्रस्तुत कविताओं ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। कक्षा आठवीं के बच्चों ने कविता पाठ किया।

जबकि कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। श्रद्धा सिंह एवं संध्या ने स्कूली जीवन पर आधारित कविता सुनाई।
कक्षा चौथी और पांचवीं के बच्चों ने जंक फूड पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने बच्चों को स्वस्थ भोजन अपनाने का संदेश दिया। रितु उपाध्याय ने विज्ञान के आविष्कारों और माता-पिता की आज्ञा पालन के महत्व को बेहद रोचक तरीके से बच्चों के सामने रखा।
गणेश के मार्गदर्शन में बच्चों को ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों की प्रस्तुतियां बेहद अद्भुत, अनोखी और प्रेरणादायक रहीं।
कार्यक्रम के अंत में निवेदिता सरकार ने बच्चों द्वारा नन्हे हाथों से बनाई गई सुंदर कलाकृतियों की प्रशंसा की और उन्हें अपनी-अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षकों और बच्चों के सहयोग से ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक अनोखी पहल साबित हुआ है। भविष्य में भी इस प्रकार के रोचक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम स्कूल में आयोजित होते रहेंगे।

