बेतरतीब और अव्यवस्थित ऑटो चालन पर नकेल कसने पुलिस ने चलाया
अभियान…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर में उल्लंघनकर्ता ऑटो चालकों पर सघन कार्यवाही ऑटो यूनिफार्म, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, वाहन प्रपत्र, स्पष्ट नम्बर प्लेट आदि की हिदायत के साथ की गई अनिवार्यता ऑटो चालक के सभी यूनियन और संगठनों को विशेष निर्देश सभी ऑटो चालक सुरक्षा मापदंडों और मानकों का पालन करावें सुनिश्चित।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में लगातार यातायात नियमों का पालन कराए जाने हेतु समस्त वाहन चालकों को जन जागरूकता के माध्यम से यातायात अनुशासन बनाए रखने जागरूक किया जा रहा है साथ ही जिले में संचालित समस्त पेट्रोल, डीजल ऑटो सहित इलेक्ट्रिक ऑटो के संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ऑटो का संचालन किया जाने हेतु कई चरण के बैठक लेकर समझाइस दी गयी है।

इसके बावजूद भी ऑटो संचालकों के द्वारा शहर में अव्यवस्थित एवं बेतरतीब तरीके से वाहनों के संचालन कर सार्वजनिक आवागमन के मार्ग में व्यवधान उत्पन्न करने की प्रवृत्ति बनी हुई है इस बात को दृष्टिगत रखते हुए आज यातायात पुलिस बिलासपुर के द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऑटो चालकों पर सघन कार्यवाही की गई है।

इस दौरान समस्त ऑटो संचालकों को अनिवार्य रूप से ऑटो यूनिफॉर्म ( खाकी वर्दी) पहनने, ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से रखने तथा वाहन से संबंधित समस्त दस्तावेज रखने, ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, सुरक्षा मापदंडों का पालन करते हुए ही ऑटो का संचालन करने, नो एंट्री और नो पार्किंग में ऑटो का संचालन नहीं करने, अव्यवस्थित एवं बेतरतीब तरीके से ऑटो का संचालन सार्वजनिक आवागमन के मार्ग में नहीं करने। इलेक्ट्रिक ऑटो में नंबर प्लेट को स्पष्ट एवं निर्धारित मानको के अनुसार लिखने हेतु विशेष अभियान के तहत चेकिंग के दौरान हिदायत दिया गया है।
जिस भी ऑटो चालक के द्वारा उक्त निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है उन पर मोटर व्हीकल एक्ट के सुसंगत धाराओं के तहत सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है और यह अभियान लगातार नगर में संचालित रहेगा ताकि ऑटो वाहन चालकों में सड़क सुरक्षा नियमों एवं निर्धारित मानकों के पालन के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता सुनिश्चित की जा सके।

विदित हो कि आम नागरिकों के द्वारा भी पेट्रोल, डीजल एवं इलेक्ट्रिक ऑटो के चालकों के द्वारा बेतरतीब तरीके से एवं अव्यवस्थित रूप से वाहनों की संचालन के संबंध में शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही है। इस संबंध में पूर्व में भी ऑटो चालकों की कई चरणों की बैठक हो चुकी है इसके बावजूद भी ऑटो चालकों में सुधार की प्रवृत्ति नहीं दिखाई देने की स्थिति में लगातार अभियान चलाकर ऑटो चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर सघन कार्यवाही की जा रही है।

ऑटो चालकों के समस्त यूनियन एवं संगठनों के लिए विशेष निर्देश और हिदायत है कि सभी यातायात नियमों का समुचित पालन करें और सुरक्षा मानकों के अनुकूल ही ऑटो का चालन करें और जिस भी ऑटो चालक के द्वारा अव्यस्थित और लापरवाही पूर्वक ऑटो चालन की जा रही है उस पर यातायात पुलिस बिलासपुर के द्वारा की जा रही कार्यवाही में सहयोग करें ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति सभी ऑटो चालक सदैव गंभीर एवं संवेदनशील रहें।

