सकरी पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद एक ट्रक में अचानक आग लग गई। हादसे के दौरान चालक केबिन में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरब्रिज पर आगे चल रहे ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही क्षणों में उसमें आग लग गई।

स्थानीय लोगों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने और धुएं के कारण वे सफल नहीं हो सके। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ओवरब्रिज पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इसके बाद पुलिस ने चालक के शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि दो ट्रकों की टक्कर के बाद एक ट्रक में आग लग गई थी। चालक केबिन में फंसा हुआ था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग पर काबू पा लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

