भेदभाव और मनमानी का आरोप न्याय की लगाई गुहार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] ग्राम झलिया पुर एवं नवागढ़ क्षेत्र के निवासी संतोष सिंह क्षत्रिय ने बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में क्षत्रिय समाज के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाज में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है और मनमाने तरीके से निर्णय लिए जा रहे हैं।
संतोष सिंह क्षत्रिय ने बताया कि वे क्षत्रिय समाज के सदस्य हैं, लेकिन उन्हें आज तक न तो ग्राम स्तर पर कोई औपचारिक सूचना दी गई और न ही क्षेत्रीय स्तर से कोई प्रमाणिक दस्तावेज उपलब्ध कराया गया। इसके बावजूद समाज के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में उनसे अपेक्षाएं की जाती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से उनके साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। समाज में आयोजित पूजा-पाठ एवं अन्य कार्यक्रमों में क्षेत्रीय पदाधिकारियों द्वारा भेदभाव किया जाता है।

प्रेस कांफ्रेंस में चंदा वसूली का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि पहले ₹10 शुल्क लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर ₹50 कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद सामाजिक व्यवस्था में कोई पारदर्शिता या सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
संतोष सिंह क्षत्रिय ने न्यायमंडल और पदाधिकारियों पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्णय निष्पक्ष रूप से नहीं लिए जाते, बल्कि व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर फैसले किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाज के नाम पर धन संग्रह किया जा रहा है, जिसका सही उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने थाना, कलेक्टर एवं एसपी से भी शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से उन्होंने मांग की कि समाज के नियमों के अनुसार एक माह के भीतर ग्राम स्तर पर सुनवाई सुनिश्चित की जाए, इसके बाद क्षेत्रीय स्तर पर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए। यदि समाधान नहीं होता है, तो मामले को उच्च स्तर पर भेजा जाए।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे न्यायालय की शरण लेने के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर रामनिहोरा सिंह राजपूत, गुलाब सिंह राजपूत, बागेश्वर सिंह राजपूत, संतोष सिंह राजपूत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

