नशे के सौदागरों पर मुंगेली पुलिस ने कसा शिकंजा 18 आरोपी गिरफ्तार…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन बाज
के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए 18 ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो नशे के कारोबार, सेवन और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170, 126(बी) और 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के तहत ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार एवं सेवन में लिप्त लोगों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न वार्डों और मोहल्लों से 18 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी क्षेत्र में अशांति फैलाने, नशे की गतिविधियों में शामिल रहने और आमजन को परेशान करने के लिए लगातार चिन्हित किए जा रहे थे।
पुलिस ने बीट प्रणाली के माध्यम से इन सभी गतिविधियों पर नजर रखी थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में केसवपुर तिलक वार्ड, विनोबा नगर, सोनारपारा, रामगोपाल तिवारी वार्ड, पुलपारा, राजेंद्र वार्ड और खर्रीपारा के निवासी शामिल हैं।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा जो युवाओं को नशे की ओर धकेलने या अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि नशा समाज के लिए बेहद घातक है। इससे न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवार टूटते हैं और अपराध की प्रवृत्ति भी बढ़ती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने भविष्य को सुरक्षित रखने और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

मुंगेली पुलिस ने आमजन से यह भी आग्रह किया है कि यदि कहीं भी अवैध नशे का कारोबार, संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई सूचना मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, थाना स्टाफ और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस आपकी सुरक्षा
हमारा संकल्प

