आरोपी से सट्टा पट्टी, मोबाइल और नगदी समेत 14,500 का माल जब्त…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में सट्टा कारोबार पर लगाम कसने के लिए तारबाहर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना तारबाहर पुलिस ने सट्टा-पट्टी लिखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सट्टा पट्टी, मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में सटोरियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर सटोरियों की पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति लोगों को रुपए का लालच देकर अंकों पर सट्टा खिलाने और सट्टा-पट्टी लिखने का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना तारबाहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो नग सट्टा पट्टी, नगदी 4,500 रुपये तथा एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। जांच में मोबाइल के व्हाट्सएप नंबर पर सट्टे से संबंधित लेन-देन की जानकारी भी मिली। जब्त सामान की कुल कीमत 14,500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 127/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम सुशांत गुलहरे पिता स्वर्गीय घनश्याम गुलहरे, उम्र 43 वर्ष, निवासी टिकरापारा, मन्नू चौक, शिव पान ठेला, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर बताया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, भागीरथी गेंदले, आरक्षक राहुल राजपूत एवं महेन्द्र सोनकर की सराहनीय भूमिका रही।
तारबाहर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

