जांच में लापरवाही हुई साबित…एल.पी. बंजारे पूनम बंजारे तत्काल प्रभाव से मुख्यालय अटैच..!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नामांतरण प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले दो अधिकारियों पर आखिरकार बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय, नवा रायपुर अटैच कर दिया है।
दरअसल, बिलासपुर वृत्त के एक आवास के नामांतरण आवेदन को महीनों तक फाइल में दबाकर रखा गया। आवेदक तोरण साहू ने 17 मार्च 2025 को आवेदन दिया था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने और 11 नवंबर 2025 को पत्र जारी एवं हस्ताक्षरित हो जाने के बावजूद उसे आवेदक तक नहीं पहुंचाया गया।
यह मामला तब चर्चा में आया जब 17 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें फाइल गुम होने से परेशान युवक ने महिला अधिकारी की टेबल पर बादाम का पैकेट उड़ेलते हुए तंज कसा कि शायद बादाम खाने से उन्हें फाइल याद आ जाए।
जांच में लापरवाही साबित होने पर संबंधित अधिकारी एल.पी. बंजारे, कार्यपालन अभियंता एवं प्रभारी संपदा अधिकारी, तथा पूनम बंजारे, वरिष्ठ सहायक एवं प्रभारी सहायक संपदा प्रबंधक, को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय अटैच कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

