मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई… 22.700 किलो गांजा के साथ नाबालिग सहित 3 तस्कर गिरफ़्तार…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज
के तहत मुंगेली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.700 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक नाबालिग भी पुलिस के हत्थे चढ़ा, जिसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22.700 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 139/2026 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक्स एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम को 20 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक एक स्कूटी में भारी मात्रा में गांजा लेकर बिलासपुर-जरहागांव मार्ग से गीधा बायपास की ओर आ रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने गीधा बायपास तिराहा पर घेराबंदी कर TVS Jupiter स्कूटी को रोका। स्कूटी पर सवार तीन लोगों की तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम शिवा पटेल बताया। उसके कब्जे से 9.570 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और स्कूटी बरामद की गई। वहीं दूसरे आरोपी आदित्य कर्माकर के पास से 13.174 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन मिला। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में गांजा बिक्री के लिए परिवहन करना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 20 अप्रैल की रात गिरफ्तार कर 21 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित साइबर सेल और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जब्त संपत्ति
22.700 किलोग्राम गांजा – कीमत 2 लाख 20 हजार रुपये
तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी – कीमत 40 हजार रुपये
दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन – कीमत 15 हजार रुपये
कुल जब्त संपत्ति – 2 लाख 75 हजार रुपये।

