कांग्रेस और विपक्षी दलों का किया पुतला दहन…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) पारित नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बिलासपुर शहर ने जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। जीडीसी कॉलेज के सामने स्थित अम्बेडकर चौक पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों का पुतला दहन करते हुए नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की है। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम मातृशक्ति के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव लाने वाला कदम था, लेकिन कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों और अवसरों से वंचित कर दिया।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बिल के पारित नहीं होने से महिलाओं के सशक्तिकरण को नुकसान पहुंचेगा। वर्तमान समय में राजनीति और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना बेहद जरूरी है।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
इस प्रदर्शन में पूजा विधानी, रितेश अग्रवाल, वैभव गुप्ता, सन्नी केसरी, रोशन सिंह, आलिंद तिवारी, नितिन पटेल, देवेश खत्री, केतन वर्मा, राजकमल कश्यप सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

