लाखों का माल जलकर हुआ खाक…!
सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक माचिस गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में लेते हुए लाखों रुपये का सामान जलाकर खाक कर दिया। शॉर्ट सर्किट बना आग की वजह
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे आग की शुरुआत हुई और माचिस जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण कुछ ही मिनटों में लपटें तेजी से फैल गईं।
दमकल की कड़ी मशक्कत, दीवार तोड़कर पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को गोदाम की दीवार तोड़नी पड़ी। नगर निगम की टीम ने एक्सीवेटर और स्काई लिफ्ट की मदद से राहत कार्य को अंजाम दिया।
व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल।
इस हादसे के बाद व्यापार विहार के व्यापारियों में भय का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। घटना ने क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।
अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी
प्रशासन ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश देते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। फायर एक्सटिंग्विशर की अनिवार्यता, नियमित सुरक्षा जांच और अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र लेने पर जोर दिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटा है।

