विपक्ष पर बरसे बिल्हा विधायक
कौशिक कहा…महिलाओं के अधिकारों से किया गया खिलवाड़…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस अधिनियम का विरोध कर उन्होंने अपनी संकीर्ण और महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।

भाजपा जिला कार्यालय, बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर मातृशक्ति के अधिकारों का हनन किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को उनका हक दिलाने का संकल्प भाजपा ने लिया है और इसे पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कौशिक ने कहा कि यदि यह अधिनियम पारित हो जाता, तो देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी में बड़ा बदलाव देखने को मिलता।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे हमेशा इस बिल के समर्थन का दिखावा करते रहे, लेकिन हर बार इसे टालने के लिए बहाने बनाते रहे। कौशिक ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटकर मुस्लिम महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित किया गया था, जिसे बाद में मोदी सरकार ने ट्रिपल तलाक पर प्रतिबंध लगाकर सुधारा। कौशिक ने आगे कहा कि मोदी सरकार के आने से पहले महिलाओं की स्थिति बेहद खराब थी।
खुले में शौच, गैस सिलेंडर की कमी, पेयजल संकट और बैंक खातों की अनुपलब्धता जैसी समस्याएं आम थीं। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं ने इन हालातों में व्यापक सुधार किया है।

पत्रकार वार्ता की शुरुआत में महापौर पूजा विधानी ने भी अधिनियम के पारित नहीं होने पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि यह महिलाओं के अधिकारों के लिए बड़ा झटका है। कौशिक ने अंत में कहा कि देश की महिलाएं विपक्ष के इस रवैये से आहत हैं और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देंगी।

