CCTV में कैद हुई सनकी आशिक की हैवानियत…सिविल लाइन पुलिस ने धेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा …!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर एकतरफा प्यार में अंधा हुए सनकी आशिक ने रिश्ते से इनकार का ऐसा खौफनाक बदला लिया कि दिनदहाड़े युवती के पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कुदुदंड माता चौक के पास एसबीटी कॉलेज के सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना का भयावह दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है, जिसमें आरोपी अचानक हमला करते हुए दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक मोहितदास माणिकपुरी सोमवार को एसबीटी कॉलेज के सामने अपनी गाड़ी की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान साहिल मरावी वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने बताया कि आरोपी साहिल मरावी उनकी बेटी से शादी करना चाहता था। युवती और उसके परिवार ने इस प्रस्ताव को स्पष्ट रूप से ठुकरा दिया था। आरोप है कि इसके बाद से साहिल लगातार परिवार पर दबाव बना रहा था और कई बार धमकियां भी दे चुका था। रिश्ते से इनकार की नाराजगी आखिरकार खूनी हमले में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर फरार आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए भागते समय आरोपी गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आ गई। उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेकर हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

