बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर प्रेम संबंध एक युवक की दर्दनाक मौत का कारण बन गया। प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे युवक की कथित तौर पर महिला के पति और नाबालिग पुत्र ने गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम राम्हेपुर निवासी दावेन्द्र कुमार बघेल 30 मई को सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक महिला से मिलने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मृतक और महिला के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। महिला के पति शिव कुमार कामले को इस संबंध की जानकारी पहले से थी और उसने पत्नी को मृतक से संपर्क नहीं रखने की चेतावनी भी दी थी।
जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन दावेन्द्र बघेल महिला को मोबाइल सिम देने उसके घर पहुंचा था। उसे देखकर महिला के पति ने अपने पुत्र के माध्यम से उसे घर के अंदर बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई। आरोप है कि पति और उसके नाबालिग पुत्र ने मिलकर पहले युवक के साथ मारपीट की और बाद में प्लास्टिक की सुतली तथा मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद युवक का शव घर के एक कमरे में मिला। मृतक के भाई जितेन्द्र कुमार बघेल की शिकायत पर सकरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता और उसके नाबालिग पुत्र को अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

सकरी पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। मामले के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उमेश साहू सहित सकरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इश्क का खूनी अंजाम: पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर उतारा मौत के घाट दो साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, पति ने नाबालिग बेटे संग मिलकर की हत्या प्रेमी बना पति के गुस्से का शिकार, गला घोंटकर हत्या के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार।

