शासकीय अस्पतालों में औषधि भंडारण और वितरण व्यवस्था की हुई सघन जांच…
दो दवाओं के नमूने लिए गए…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की दो टीमों द्वारा जिले के सात शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य औषधियों के भंडारण, वितरण तथा नारकोटिक दवाओं के उपयोग एवं अभिलेखों की जांच करना था।

निरीक्षण टीम में औषधि निरीक्षक सुनील पंडा, आशीष पांडे एवं अश्विनी कुमार शामिल रहे। टीम ने जिला चिकित्सालय के ड्रग स्टोर, ओपीडी स्टोर एवं ओएसटी सेंटर, मानसिक रोग चिकित्सालय सेंदरी तथा तखतपुर विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गनियारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलपान एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिडरी का निरीक्षण किया।

सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान नारकोटिक औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देशित किया गया कि औषधियों का भंडारण निर्धारित तापमान पर सुनिश्चित किया जाए तथा वितरण के समय उनकी अवसान (एक्सपायरी) तिथि का विशेष ध्यान रखा जाए।

जांच के दौरान आकस्मिक उपचार में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण औषधियां, विशेषकर एंटी स्नेक वेनम एवं रैबीज इंजेक्शन, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाए गए। वहीं गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने भी संकलित कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे निरीक्षणों से शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में दवा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

