सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बालिका सकुशल बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल..!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सीपत पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और शारीरिक शोषण के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
थाना सीपत से मिली जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना सीपत में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी सीपत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर से मिली सूचना एवं पतासाजी के दौरान अपहृत बालिका तथा संदिग्ध आरोपी के ग्राम नरगोडा में होने की जानकारी प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी नितिश कुमार टेंगवर ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 एवं 64 के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:-
नितिश कुमार टेंगवर (30 वर्ष)
पिता रामफल सूर्यवंशी
निवासी ग्राम नरगोडा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

