प्रवीण झा अध्यक्ष पद हेतु निर्विरोध हुए चयनित…! सुधीर झा बने सचिव…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच की त्रिवार्षिक आमसभा एवं चुनाव प्रक्रिया रविवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। संगठन के सदस्यों ने एक बार फिर अपने विश्वास की मुहर लगाते हुए वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना। वहीं संगठन की गतिविधियों को निरंतर गति देने वाले सुधीर झा को पुनः सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बिलासपुर के छठ घाट परिसर में आयोजित आमसभा में मंच की वार्षिक गतिविधियों, आय-व्यय के विवरण तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने एकमत होकर प्रवीण झा के नाम का समर्थन किया। समाजहित में उनके योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।
प्रवीण झा केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों से रामनवमी के अवसर पर 1008 श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराने की प्रेरणादायी पहल की है। उनके पूर्व कार्यकाल में मंच ने छठ महापर्व के भव्य आयोजन, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार के माध्यम से नई पहचान स्थापित की थी।

संगठन के सदस्यों का मानना है कि उनके नेतृत्व में मंच ने न केवल सांस्कृतिक आयोजनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि समाज के लोगों के बीच आत्मीयता, सहयोग और पारिवारिक मूल्यों को भी सुदृढ़ किया। यही कारण है कि उनके पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रवीण झा ने सभी सदस्यों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे समाज के विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंच की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक दायित्वों और संगठनात्मक मजबूती को आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का सशक्त मंच है, जो समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है। आने वाले वर्षों में समाज की गतिविधियों को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा तथा छठ महापर्व जैसे लोकआस्था के पर्वों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रवीण झा ने जानकारी दी कि आगामी 21 जून को नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा भी की जाएगी।
आमसभा में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रवीण झा के अनुभवी नेतृत्व, सामाजिक समर्पण और सकारात्मक सोच के बल पर पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच आने वाले वर्षों में सांस्कृतिक संरक्षण, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उनके पुनः अध्यक्ष चुने जाने को समाज ने नई ऊर्जा, नई उम्मीद और उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत के रूप में देखा।


