सिरगिट्टी पुलिस की विशेष टीम ने फरार आरोपी को रातों-रात रायपुर से किया गिराफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सिरगिट्टी क्षेत्र में फल दुकान संचालक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद के चलते फल व्यापारी पर धारदार चाकू से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
थाना सिरगिट्टी से मिली जानकारी के अनुसार 7 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर हत्या की नीयत से धारदार चाकू से हमला कर फरार हो गया। हमले में मनीष गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले में थाना सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 103 एवं 115(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ अवैध संबंध था। महिला को मनीष गोस्वामी द्वारा ग्राम सैदा में रखे जाने की बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू के मन में गहरा आक्रोश था। इसी रंजिश के चलते उसने हमले की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस को सूचना मिली कि वह रायपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद सिरगिट्टी पुलिस की टीम ने रायपुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट (32 वर्ष), निवासी बाजार चौक तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

