कॉलोनियों के रहवासियों ने लगाई गुहार…!
क्या कलेक्टर और नगर निगम कमिशनर करेंगे तत्काल कार्रवाई…?
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर उस्लापुर ओवरब्रिज के नीचे वर्षों से अवैध कब्जों और संदिग्ध गतिविधियों का मामला अब प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। क्षेत्र के रहवासियों ने जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर अवैध रूप से संचालित दुकानों को तत्काल हटाने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। रहवासियों का आरोप है कि ओवरब्रिज के नीचे सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर दर्जनों दुकानें संचालित की जा रही हैं, जिससे उस्लापुर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रेन के समय यहां भीषण जाम की स्थिति बन जाती है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन दुकानों में अवैध बिजली कनेक्शन लेकर पंखे, फ्रिज, कूलर सहित अन्य विद्युत उपकरणों का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है। देर रात तक दुकानें बंद होने का दिखावा किया जाता है, लेकिन छोटे गेट के माध्यम से कथित रूप से अवैध कारोबार जारी रहता है। स्थानीय लोगों ने यहां मादक पदार्थों की सप्लाई जैसी गंभीर गतिविधियों का भी आरोप लगाया है।

रहवासियों का कहना है कि शुभम विहार, सागा लेआउट, आकाश मार्ग और पाटीदार भवन जैसे आवासीय क्षेत्रों का माहौल पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। महिलाओं और परिवारों का सुरक्षित आवागमन कठिन हो गया है तथा विरोध करने पर असामाजिक तत्व विवाद और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि सरकारी भूमि से तत्काल अवैध कब्जे हटाए जाएं, अवैध बिजली कनेक्शनों की जांच हो तथा कथित अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
अब प्रशासन की परीक्षा
लिखित शिकायत जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त तक पहुंच चुकी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाएगा? क्या अवैध बिजली कनेक्शनों और कथित नशे के कारोबार की निष्पक्ष जांच होगी? या फिर शिकायत भी अन्य फाइलों की तरह दफ्तरों में दबकर रह जाएगी…?

अब पूरे शहर की निगाहें जिला प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई पर टिकी हैं।




