30 जून तक संपत्ति कर पर 6% छूट की भी की घोषणा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बुधवार को निगम के दृष्टि सभा कक्ष में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न जनहित एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने सुशासन तिहार-2026 के आवेदनों का त्वरित निराकरण, वर्षा पूर्व तैयारियों, पेयजल व्यवस्था, राजस्व वसूली और स्वच्छता अभियान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुशासन तिहार-2026 के तहत प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण करने तथा आवश्यक मामलों में शासन को तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही निदान-1100 एवं अन्य जनशिकायत पोर्टलों पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष का संपत्ति कर 30 जून तक जमा करने वाले करदाताओं को 6 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने और अधिक से अधिक नागरिकों को इस छूट का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मानसून की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए शहर की सभी नाला-नालियों की समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति, जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा इंजेक्ट वेल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए भवन अधिकारी एवं सभी जोन आयुक्तों को 30 जून तक इंजेक्ट वेल और उससे जुड़े स्ट्रक्चर निर्माण का कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने सफाई विभाग एवं जोन अधिकारियों को कचरा प्रबंधन के नियमों का कड़ाई से पालन कराने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृक्षारोपण अभियान, मुख्यमंत्री घोषणाएं, मिशन कर्मयोगी पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन-1076, ई-ऑफिस, ऑनलाइन सीआर एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा गया।
इसके अलावा साइंस कॉलेज परिसर में गेट एवं ग्राउंड विकास, मुक्तिधाम उन्नयन, सियान सदन निर्माण, स्मृति वन सौंदर्यीकरण, पुलिस स्टेडियम उन्नयन, बहतराई स्टेडियम में रेस्ट हाउस निर्माण तथा विद्युत लाइन के अंडरग्राउंड कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रक्रिया में लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संपत्तिकर वसूली, बाजार एवं संपदा शाखा, अवैध प्लाटिंग, भवन निर्माण अनुमति, निर्माण कार्यों की प्रगति, निविदा प्रक्रिया तथा बजट में स्वीकृत कार्यों के डीपीआर की भी विभागवार समीक्षा की गई। आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने सभी अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में निगम के सभी जोन आयुक्त, विभागाध्यक्ष एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।

