कोटा पुलिस की कार्रवाई सात दिन में ही सभी आरोपी दबोचे गए…!
बिलासपुर/कोटा-{जनहित न्यूज़} चरित्र शंका को लेकर एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर की गई निर्मम हत्या के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना कोटा से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “प्रहार अभियान” एवं चेतना विरुद्ध अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
घटना 4 जून 2026 की है। प्रार्थी आलोक सिंह ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथी यशु पोर्ते के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से तथा निखिल गोस्वामी अपनी स्कूटी से होटल फोर सीजन के आगे कच्चे मार्ग पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दीपक दास उर्फ भोला ने निखिल गोस्वामी की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिसके बाद सभी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो निखिल गोस्वामी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। आरोपियों ने उसके सिर पर बड़ा पत्थर पटककर उसे बुरी तरह कुचल दिया था। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लगातार तलाश कर 11 जून 2026 को चारों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:
दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी (26), निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा।
निखिल राव उर्फ निक्कू (24), निवासी देवनगर कोनी।
करण दास मानिकपुरी (24), निवासी देवनगर कोनी।
कुश साहू उर्फ बुतरू (26), निवासी तेलियापुराण भरारी, थाना कोटा।
चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक मनमोहन कोसले तथा एसीसीयू बिलासपुर की टीम की विशेष भूमिका रही।

