बारिश से पहले नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश रेलवे व कासिमपारा क्षेत्र का किया निरीक्षण…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने गुरुवार को देवरीखुर्द क्षेत्र का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के बीएलसी घटक के हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने निर्माणाधीन एवं अब तक शुरू नहीं हुए आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों से शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपील की।

आयुक्त श्री सर्वे ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने हितग्राहियों से शासन से प्राप्त सहायता राशि का सदुपयोग कर समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूरा करने का आग्रह किया, ताकि वे अपने स्वयं के सुरक्षित और सुविधायुक्त घर में रह सकें।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हितग्राहियों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों ने भी निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी देते हुए हितग्राहियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। निगम प्रशासन ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

बारिश से पहले नाला सफाई अभियान तेज करने के निर्देश:-
इसके बाद निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने रेलवे, कासिमपारा और देवरीखुर्द क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी प्रमुख नालों और नालियों की सफाई युद्धस्तर पर पूरी की जाए।

विशेष रूप से हर वर्ष बारिश में जाम होने वाले नालों की नियमित सफाई और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि समय रहते सफाई कार्य पूर्ण होने से जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

