सिंगल यूज प्लास्टिक पर निगम का सख्त प्रहार: 300 किलो प्रतिबंधित सामग्री जब्त तीन कारोबारियों पर 13 हजार का ठोंका जुर्माना…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} शहर को स्वच्छ, सुंदर और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम बिलासपुर का विशेष अभियान लगातार जारी है। निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर शुक्रवार को व्यापार विहार क्षेत्र में की गई सघन जांच के दौरान तीन दुकानों से लगभग 300 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर 13 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
स्वास्थ्य अधिकारी प्रवेश कश्यप के नेतृत्व में निगम की टीम ने व्यापार विहार स्थित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अमर ट्रेडर्स, श्री गणेश ट्रेडर्स और नानक ट्रेडर्स में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण पाया गया, जिसे तत्काल जब्त करते हुए संबंधित व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसके उत्पादन, भंडारण, विक्रय और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निगम का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से कपड़े, जूट तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित बिलासपुर के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के विक्रय अथवा भंडारण की शिकायत मिलने पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया है।

