महज चंद घंटों में 6 आरोपी गिरफ्तार…सकरी पुलिस की कार्रवाई…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर कोयला चोरी और हाईग्रेड कोयले में मिलावट कर आर्थिक लाभ कमाने के संगठित खेल का सकरी पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मामले में अपराध दर्ज होने के महज कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस, एसीसीयू और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
थाना सकरी से मिली जानकारी के अनुसार, न्यू लोको कॉलोनी, मरहीमाता मंदिर निवासी आर.के. पाण्डेय (45) ने शिकायत दर्ज कराई कि दीपका कोल माइंस से भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्रा. लि., लोखंडी के लिए एफ/जी ग्रेड का कोयला मंगवाया गया था। 10 जून की सुबह तीन ट्रेलर प्लांट पहुंचे, लेकिन लैब जांच में पाया गया कि कोयला निर्धारित एफ/जी ग्रेड का नहीं था।
पूछताछ में ट्रेलर चालकों ने खुलासा किया कि बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक एवं प्लांट सुपरवाइजर की मिलीभगत से उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की चोरी कर उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का कोयला मिलाकर भेजा जा रहा था। शिकायत के आधार पर सकरी थाना में अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:-
आशिक हुसैन अंसारी (23), जिला गढ़वा, झारखंड
फैजान रजा अंसारी (23), जिला गढ़वा, झारखंड
फुजैल अंसारी (28), जिला गढ़वा, झारखंड
गौरव राजपूत (28), रतनपुर, बिलासपुर
सीबू खान (29), रतनपुर, बिलासपुर
दिलीप कुमार यादव (36), भिलाई, जिला दुर्ग
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस, एसीसीयू एवं माइनिंग स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस पूरे नेटवर्क और कोयला चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

