रतनपुर के छोटू ढाबा के पास गिट्टी से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटा सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क रखरखाव कार्य में लगी महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास गिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में आने से महिला मजदूर की जान चली गई। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतका की पहचान महिमा कोसले (32 वर्ष), निवासी भरवीडीह के रूप में हुई है। वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफाई एवं रखरखाव कार्य में लगी हुई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिलासपुर की ओर से आ रहा गिट्टी से लदा ट्रेलर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। महिला को संभलने का कोई अवसर नहीं मिला और वह वाहन के नीचे दब गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
आधे घंटे तक थमा रहा हाईवे का यातायात
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेलर सड़क पर पलटने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटवाया, जिसके बाद करीब आधे घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अन्य श्रमिकों ने सड़क रखरखाव कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि कार्यस्थल पर न तो चेतावनी संकेतक लगाए गए थे, न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही वाहनों की गति नियंत्रित करने या चालकों को सतर्क करने के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम था। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच मजदूरों की जान पूरी तरह जोखिम में थी।
जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
पुलिस का कहना है कि हादसे के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना केवल ट्रेलर चालक की लापरवाही का परिणाम थी या फिर सड़क निर्माण एवं रखरखाव एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी इसके लिए जिम्मेदार रही। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक पल की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस हादसे के जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में हाईवे पर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

