कलेक्टर-एसएसपी व निगम कमिश्नर खुद पहुंचे जलभराव क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों को सामुदायिक भवन में किया सुरक्षित स्थानांतरित …!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर में 12 घंटो से लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सराहनीय पहल की है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीम के साथ शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने विजयापुरम, बंधवापारा, तोरवा, रेलवे कॉलोनी सहित विभिन्न इलाकों का जायजा लेकर जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं

सुनीं और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को हर संभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर के सभी नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, आवश्यकता अनुसार नालों का चौड़ीकरण कराने तथा जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक आधार पर एक व्यापक एक्शन प्लान तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में शहरवासियों को इस समस्या का सामना न करना पड़े।
बंधवापारा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए लगभग 55 प्रभावित परिवारों को एहतियातन सेंट्रल लाइब्रेरी के समीप स्थित सामुदायिक भवन में सुरक्षित स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वहां भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, जिससे प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने नगर निगम, राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बारिश के दौरान नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, उफनते जलस्रोतों को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

