मास्टरमाइंड फरार जांच में चौंकाने वाला खुलासा…! हत्या के बदले पांच-पांच लाख रुपये देने का दिया था लालच…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपियों को हत्या के बदले पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। मामले में मुख्य साजिशकर्ता दीपक तिवारी और उसका साथी साहिल सोनकर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की सुबह रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे श्याम कश्यप पर तीन युवकों ने मुंह ढंककर डंडों से हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर तारबाहर थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत और ACCU की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की। वाहन के पंजीकृत स्वामी से पूछताछ के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम (21 वर्ष) ने पूछताछ में खुलासा किया कि गौरेला निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था।
योजना के तहत नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक और साहिल सोनकर मोटरसाइकिल से बिलासपुर पहुंचे। दीपक तिवारी ने रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे श्याम कश्यप की पहचान कराते हुए हमला करने का इशारा किया, जिसके बाद आरोपियों ने डंडों से सिर, हाथ और पैर पर ताबड़तोड़ वार कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले में आपराधिक षड्यंत्र और हत्या के प्रयास सहित बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं जोड़कर विवेचना की जा रही है।
तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत की त्वरित और सटीक कार्रवाई से पुलिस ने हत्या की बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए आरोपियों तक तेजी से पहुंच बनाई, जिसकी शहरभर में सराहना हो रही है।

