छत पर चढ़ कर ले ली युवक की जान दो आरोपी गिरफ़्तार…!
बिलासपुर/रतनपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शराब पार्टी के बाद शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने एक मजदूर की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पहले धारदार हथियारों से हमला किया गया, फिर ईंट से सिर कुचल दिया गया। इस निर्मम वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, अकलतरी निवासी इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (30) शनिवार रात अपने दोस्त विशाल कश्यप के साथ शराब पी रहा था। देर रात घर लौटते समय गांव के ही अमित सोनवानी और सुधीर सोनवानी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई।
विवाद के दौरान आरोपियों ने पहले विशाल कश्यप पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। विशाल किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। इसके बाद दोनों आरोपी इंद्रप्रकाश के घर पहुंच गए। जान का खतरा देखकर इंद्रप्रकाश छत पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने हंसिया, चाकू और दीवार से निकाली गई ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी गांव से निकलकर रतनपुर पहुंचे। वहां पहले एक ढाबे में खाना खाया और फिर थाने पहुंच गए। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक इंद्रप्रकाश शराब का आदी था। पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य रोजगार के सिलसिले में रायपुर और हैदराबाद में रह रहे थे। वह गांव में अकेला रहता था। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

