सामाजिक उत्तरदायित्व की बनी उत्कृष्ट मिसाल…!
क्षतिग्रस्त सड़क सुधार से 2500 विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ आम जनता को मिली राहत…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
क्षतिग्रस्त सड़क बहतराई स्टेडियम के पास मुख्य सड़क पर पिछले लगभग दो माह से फूटी पाइपलाइन से लगातार हो रहे जल रिसाव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। इससे प्रतिदिन हजारों लोगों, विशेषकर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के लगभग 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

स्कूल प्रबंधन ने इस गंभीर समस्या की जानकारी देते हुए संबंधित नगर निगम जोन कार्यालय में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि लगातार पानी बहने से सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

साथ ही यह भी उल्लेख किया गया था कि व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है और किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है।

इसके बावजूद लंबे समय तक समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थिति को गंभीर देखते हुए ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए स्वयं पहल की। हालांकि स्कूल परिसर के बाहर सड़क की मरम्मत कराना उनकी जिम्मेदारी नहीं थी।

फिर भी विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए प्रबंधन ने अपने निजी खर्च पर मजदूर लगवाकर सड़क पर बने गड्ढों को भरवाया और आवागमन को सुगम बनाने का कार्य कराया।
☝🏻सड़क की पहले ऐसी थी हालत…
स्कूल प्रबंधन की इस पहल से न केवल विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली, बल्कि प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों नागरिकों को भी सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने इस मानवीय और जनहितकारी कदम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
☝🏻 सड़क सुधार के बाद की हालत…
नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होती है, लेकिन जब लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूल प्रबंधन ने संवेदनशीलता और जनहित की भावना का परिचय देते हुए जो पहल की, वह प्रशंसनीय है। साथ ही लोगों ने नगर निगम से फूटी पाइपलाइन की स्थायी मरम्मत कराने और भविष्य में ऐसी समस्याओं के त्वरित समाधान की भी मांग की है।

