SSP भोजराम पटेल की कुशल रणनीति व परिपक्व नेतृत्व से मिली बड़ी सफलता…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस ने जिले के दो चर्चित मंदिर चोरी मामलों का खुलासा कर एक बार फिर अपनी प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (IPS) के नेतृत्व में चलाए जा रहे संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ग्राम कंतेली और कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को जिले की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण और शत-प्रतिशत बरामदगी के सख्त निर्देश दिए थे। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी माधुरी धिरही और डीएसपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। बेसिक पुलिसिंग और तकनीकी जांच के संयोजन से पुलिस ने मंदिर चोरी की गुत्थी सुलझा दी।

जांच के दौरान ग्राम नगपुरा निवासी अश्वनी आहिरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर 29 जून 2026 की रात ग्राम कंतेली स्थित महामाया मंदिर का ताला तोड़कर देवी प्रतिमा से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करना स्वीकार किया।

पूछताछ में उसने यह भी कबूल किया कि वर्ष 2025 में कोदवाबानी महामाया मंदिर और कुछ दिन पहले कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए। बरामद सामान में चांदी के मुकुट, करधन, माला, ढार, चांदी के सिक्के, सोने की पत्तियां और अन्य धार्मिक आभूषण शामिल हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में अश्वनी आहिरे और चंपाबाई गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि वारदात में शामिल मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही अन्य मामले में जेल में निरुद्ध हैं।

पूरी कार्रवाई में थाना लालपुर और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों और जवानों की सतर्कता तथा तकनीकी जांच के चलते लंबे समय से अनसुलझे मंदिर चोरी के दोनों मामलों का सफल खुलासा संभव हो सका।
मुंगेली जिले में लगातार अपराध नियंत्रण, त्वरित खुलासों और प्रभावी पुलिसिंग के कारण एसएसपी भोजराम पटेल की कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है। संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध उनका अभियान अपराधियों के लिए कड़ा संदेश साबित हो रहा है, वहीं आम जनता का पुलिस पर विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

