अमर अग्रवाल बोले…
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही सबसे बड़ा दायित्व…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम बिलासपुर को सोमवार को 11 नए एल्डरमेन (नामांकित पार्षद) मिल गए। स्व. लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त एल्डरमेन को पद, कर्तव्य एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्षद और नागरिक मौजूद रहे।

शपथ लेने वाले 11 एल्डरमेन में शेखर पाल, जुगल किशोर अग्रवाल, योगेश बोले, चंद्रप्रकाश मिश्रा, देवाशीष घोष (लाल्टू), विष्णु सोनी, अशोक ठाकुर, ज्ञानचंद्र कौशिक, रामू साहू, संतोष कुमार दुबे और भगवती साहू शामिल हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और एल्डरमेन के रूप में मिली जिम्मेदारी जनसेवा का एक बड़ा अवसर है।

उन्होंने कहा कि सभी नामांकित पार्षद दलगत भावना से ऊपर उठकर शहर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी एल्डरमेन जनता की अपेक्षाओं और विश्वास पर खरे उतरेंगे तथा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से बिलासपुर के विकास को नई गति मिलेगी।

बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि एल्डरमेन का दायित्व केवल पद की गरिमा तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और शहर के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का भी है।

उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमेन से सेवा, समर्पण, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी करने का आह्वान किया।

महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने सभी एल्डरमेन का स्वागत करते हुए कहा कि वे अब नगर निगम परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से बिलासपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने का लक्ष्य और मजबूती से आगे बढ़ेगा।

समारोह में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक कृष्णमूर्ति बांधी, सभापति विनोद सोनी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, एमआईसी सदस्य, पार्षद एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह उत्साह, गरिमा और जनसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

