आखिरी पेग पत्नी ने अकेले पी लिया भड़के पति ने पत्नी को उतारा मौत के घांट..!
कोरबा-[जनहित न्यूज़]
कोरबा शराब का नशा किस तरह इंसान की सोच और संवेदनाओं को खत्म कर देता है, इसका दर्दनाक उदाहरण कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैसामुड़ा में सामने आया। यहां रविवार देर रात शराब के आखिरी पैग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी वारदात में बदल गया। गुस्से में बेकाबू पति ने अपनी पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अगहन बाई धनवार (32) के रूप में हुई है। वह अपने पति परदेसी धनवार के साथ पिछले कुछ दिनों से अपने मामा के गांव भैसामुड़ा में रह रही थी। दोनों मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान बची हुई शराब पत्नी ने अकेले पी ली, जिससे पति भड़क उठा और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया। नशे में धुत पति ने डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक उसने कमरे के भीतर पत्नी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग के साथ भी आरोपी ने मारपीट कर दी, जिससे कोई भी महिला को बचा नहीं सका।
वारदात के बाद भी आरोपी पूरी रात पत्नी के शव के पास बैठा रहा। सोमवार सुबह उसने स्वयं गांव में जाकर लोगों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से खून से सना टूटा हुआ डंडा बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में न्यायालय में पेश किया।
संदेश:-
शराब केवल स्वास्थ्य ही नहीं, परिवार और समाज के लिए भी घातक साबित हो रही है। क्षणिक गुस्सा और नशे का संयोजन कई बार ऐसी त्रासदियों को जन्म देता है, जिनकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि शराब की लत रिश्तों को तोड़ने के साथ-साथ जिंदगी भी छीन सकती है।

