विशेष स्वास्थ्य शिविर लगेगा सभी बंदियों की होगी जांच ईसीजी सहित स्वास्थ्य परीक्षण के दिये निर्देश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} द्वारा बिलासपुर केंद्रीय जेल में लगातार हो रही बंदियों की मौतों और जेल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने केंद्रीय जेल में हाल के दिनों में हुई बंदियों की आकस्मिक मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए जेल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले एक-दो दिनों के भीतर केंद्रीय जेल में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाए, जिसमें सभी बंदियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से हृदय संबंधी बीमारियों की जांच के लिए ईसीजी मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
टीएल बैठक में कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए राजस्व अमले को तत्काल सर्वे कर राहत प्रकरण तैयार करने और नियमानुसार मुआवजा स्वीकृत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त शासकीय भवनों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों का आकलन कर रिपोर्ट राहत शाखा को भेजने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, जर्जर भवनों में संचालित स्कूल-आंगनबाड़ी एवं अस्पतालों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति और खरीफ सीजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनहित न्यूज़ लगातार जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है। केंद्रीय जेल में लगातार हो रही मौतों का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन द्वारा इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य एवं जेल व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिए गए निर्देश महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

