बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर समाजसेवा चिकित्सा सेवा और संगठनात्मक सक्रियता के क्षेत्र में लंबे समय से समर्पित योगदान देने वाले बिलासपुर के प्रख्यात नेत्र चिकित्सक एवं विनायक नेत्रालय के संचालक डॉ. ललित मखीजा को विश्व हिंदू परिषद ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए छत्तीसगढ़ प्रांताध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति न केवल उनके वर्षों के निस्वार्थ सामाजिक योगदान और संगठन के प्रति समर्पण का सम्मान मानी जा रही है, बल्कि बिलासपुर के लिए भी गौरव का विषय बन गई है।
विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति की 19 एवं 20 जुलाई को छतरपुर (नई दिल्ली) में आयोजित बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। डॉ. मखीजा इससे पूर्व संगठन में प्रांत उपाध्यक्ष के दायित्व का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं और लंबे समय से सेवा, संस्कार एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
डॉ. मखीजा ने चिकित्सा क्षेत्र में हजारों मरीजों को उत्कृष्ट नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक सेवा कार्यों में भी निरंतर सहभागिता निभाई है। उनकी सहज कार्यशैली, सामाजिक संवेदनशीलता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के कारण उन्हें कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों में विशेष सम्मान प्राप्त है। विश्व हिंदू परिषद द्वारा उन्हें प्रांताध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपा जाना उनके इसी समर्पण और सक्रिय योगदान की स्वाभाविक पहचान माना जा रहा है।
नियुक्ति की घोषणा के बाद मगरपारा रोड स्थित विनायक नेत्रालय में बधाई देने वालों का तांता लग गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भारतीय जनता पार्टी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रांत सह कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता, विभाग मंत्री राजीव शर्मा, जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता, धर्म जागरण समन्वय से भृगु अवस्थी, भाजपा जिला महामंत्री एस.के. मनहर, राजेश तिवारी, हिंदू जागरण मंच के सौरभ दुबे, अवनेश त्रिपाठी, संजू विरानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नवनियुक्त प्रांताध्यक्ष डॉ. ललित मखीजा ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान से अधिक समाज और राष्ट्र की सेवा का दायित्व है। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, धर्म जागरण और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रभाव से जोड़ने के प्रयासों को और अधिक गति दी जाएगी।
डॉ. मखीजा की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ में सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता के कार्यों को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। बिलासपुर के लिए यह उपलब्धि शहर की सामाजिक चेतना, संगठनात्मक क्षमता और सेवा परंपरा का भी गौरवपूर्ण प्रतीक मानी जा रही है।

