नियमों के उल्लंघन करने पर सीसीटीवी कैमरों एवं इलेक्ट्रॉनिक ट्रैफिक सिस्टम के माध्यम से होगी कड़ी कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और शहरवासियों को सुरक्षित व सुगम यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों पर निर्धारित गति सीमा के सुरक्षात्मक एवं संकेतात्मक बोर्ड लगाए हैं। इसके साथ ही नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार वाहन चालक बनने की अपील की गई है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर गति सीमा दर्शाने वाले संकेतक बोर्ड स्थापित किए गए हैं, ताकि वाहन चालक निर्धारित सीमा में वाहन चलाकर दुर्घटनाओं से बच सकें।

यातायात पुलिस के अनुसार शहर के आंतरिक मार्गों पर अधिकतम गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा निर्धारित है। वहीं स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कलेक्ट्रेट एवं अन्य शासकीय कार्यालयों के आसपास अधिकतम 20 किमी प्रति घंटा तथा रिहायशी कॉलोनियों, मोहल्लों और गलियों में 30 किमी प्रति घंटा की गति सीमा तय की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ऑनलाइन निगरानी प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों एवं इलेक्ट्रॉनिक ट्रैफिक सिस्टम के माध्यम से मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई लोगों को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक सेंस विकसित करें, संकेतक बोर्डों का पालन करें और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं।

पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। सभी के सहयोग से ही बिलासपुर को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटना मुक्त शहर बनाया जा सकता है।

