समय पर शुल्क जमा नहीं करने वालों के प्रकरण भेजे जा रहे हैं न्यायालय…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर यातायात नियमों का उल्लंघन कर चालान भरने में लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। बिलासपुर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर चालान शुल्क जमा नहीं करने वाले मामलों को न्यायालय भेजा जा रहा है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने और न्यायालय के नोटिस की अनदेखी करने पर ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन, निरस्तीकरण तथा गंभीर मामलों में वाहन की नीलामी तक की कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों को ऑनलाइन चालान भुगतान की प्रक्रिया से लगातार अवगत कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि वर्तमान में ई-चालान पोर्टल पर सॉफ्टवेयर अपडेट का कार्य जारी है, इसलिए वाहन चालक NextGen e-Challan के माध्यम से कंप्यूटर या लैपटॉप से ऑनलाइन चालान शुल्क जमा कर सकते हैं।

यदि किसी कारणवश ऑनलाइन पोर्टल या सर्वर में तकनीकी समस्या आती है, तो वाहन चालक आईटीएमएस के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) पहुंचकर यातायात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहायता से ऑनलाइन चालान शुल्क जमा कर सकते हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, नियमों के उल्लंघन के 24 घंटे के भीतर वाहन के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चालान की सूचना, संबंधित मोटर व्हीकल एक्ट की धाराएं तथा शुल्क की जानकारी भेज दी जाती है। इसके अलावा सात दिनों के भीतर रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से चालान की हार्ड कॉपी भी वाहन स्वामी के पते पर भेजी जाती है। समय-समय पर भुगतान के लिए मोबाइल पर रिमाइंडर संदेश भी भेजे जाते हैं।

यदि निर्धारित अवधि तक चालान जमा नहीं किया जाता, तो पूरा प्रकरण ई-कोर्ट को भेज दिया जाता है। एक माह तक ई-कोर्ट के माध्यम से सुनवाई होती है, जिसके बाद नियमित न्यायालयीन प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इस दौरान संबंधित वाहन चालक को लगातार ऑनलाइन नोटिस भी भेजे जाते हैं।
यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि न्यायालय के नोटिस की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। वहीं, गंभीर धाराओं वाले मामलों में बार-बार अनुपस्थित रहने पर न्यायालय वाहन की नीलामी तक के आदेश दे सकता है।

यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि जिनके चालान लंबित हैं, वे बिना विलंब उन्हें जमा करें ताकि अनावश्यक न्यायालयीन कार्रवाई और अतिरिक्त परेशानी से बचा जा सके। साथ ही सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने और सड़क पर अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आग्रह किया गया है, जिससे बिलासपुर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

