नेहरू नगर जैसे पॉश इलाके में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में चोरों ने एक बड़े कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, हीरे-जवाहरात और अन्य कीमती सामान सहित करीब 5 करोड़ रुपये की चोरी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का खुलासा मकान मालिक दंपत्ति के तीर्थ यात्रा से लौटने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक नेहरू नगर मुख्य मार्ग स्थित कारोबारी रजनीश सेठ अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान पर नजर रखकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर में प्रवेश के लिए एसी यूनिट हटाकर रास्ता बनाया और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली और अलमारी व कमरों में रखे कीमती जेवरात, नगदी तथा अन्य बहुमूल्य सामान समेटकर फरार हो गए।
चोरी की जानकारी शुक्रवार सुबह तब सामने आई, जब कारोबारी के एक परिचित ने मकान की स्थिति संदिग्ध देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर चोरी की रकम करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि वास्तविक नुकसान का आंकलन मकान मालिक दंपत्ति के लौटने और चोरी गए सामान का पूरा विवरण मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
नेहरू नगर जैसे व्यस्त और पॉश इलाके में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

