पीएम आवास योजना में सुस्ती बर्दाश्त नहीं 845 हितग्राहियों से तुरंत संपर्क कर निर्माण शुरू कराने दिए निर्देश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा के अधिकारियों और इंजीनियरों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अगस्त तक निर्धारित सभी लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाएं और योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने बताया कि बीएलसी (Beneficiary Led Construction) घटक के अंतर्गत 873 आवास रूफ लेवल तक पहुंच चुके हैं, जिन्हें 15 अगस्त तक पूर्ण कर हितग्राहियों को सौंपने के निर्देश दिए गए। वहीं 845 ऐसे आवास, जिनकी स्वीकृति तो मिल चुकी है लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है, उनके हितग्राहियों से तत्काल व्यक्तिगत संपर्क कर किसी भी स्थिति में 15 अगस्त तक निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत बीएलसी घटक में कुल 9,753 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 6,742 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वर्तमान में 771 आवास फाउंडेशन स्तर पर तथा 532 आवास लिंटल लेवल पर निर्माणाधीन हैं, जबकि शेष आवास विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं।
आयुक्त श्री सर्वे ने अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। जिन हितग्राहियों ने अब तक निर्माण शुरू नहीं किया है, उनसे समन्वय स्थापित कर उन्हें जल्द से जल्द निर्माण प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि योजना का लाभ समय पर पात्र परिवारों तक पहुंच सके।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों में आने वाली किसी भी बाधा का तत्काल समाधान किया जाए और कार्यों में अपेक्षित गति लाई जाए। आयुक्त ने दो टूक कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

