4 नाबालिक सहित 8 आरोपी गिरफ्तार….
लूटे गए जेवर और नकदी बरामद…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरहट में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का मुंगेली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी माधुरी धिरही के नेतृत्व में साइबर सेल और लालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम देवरहट निवासी धरमीन बाई (55 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे वह अपने पति नेतराम के साथ घर से बाहर निकली थीं। तभी मुंह पर कपड़ा बांधे 4-5 बदमाश घर में घुस आए। आरोपियों ने दंपती को धमकाते हुए चाकू दिखाया, नेतराम के सिर पर हमला किया और धरमीन बाई के गले, कान, कमर, पैर और नाक में पहने सोने-चांदी के आभूषण, पति के गले की माला, अंगूठी, घड़ी, मोबाइल तथा घर में रखी करीब ₹8,650 नकद लूटकर फरार हो गए। मामले में लालपुर थाना में बीएनएस की धाराओं 309(4), 331(6) एवं 111 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, पुराने अपराधियों की गतिविधियों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सोनू टंडन और देवी टंडन ने अपने साथियों शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी उर्फ लेडी तथा चार नाबालिगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने धरमीन बाई को बाजार में अधिक मात्रा में सोने-चांदी के जेवर पहने देखा था और उसी के बाद उनके घर में लूट की योजना बनाई। वारदात की रात कुछ आरोपी घर में घुसे, जबकि सोनू और देवी टंडन मोटरसाइकिल से आसपास रेकी करते रहे। घर में घुसे आरोपियों ने हथियारों के बल पर दंपती को आतंकित कर जेवर और नगदी लूट ली तथा बाद में आपस में बांट ली।
पुलिस ने आरोपियों और नाबालिगों के कब्जे से सोने की मंचली, सोने का पदुम, टाप्स, चांदी का 50 तोला करधन, पायल, चांदी की अंगूठी, मोबाइल, ₹8,650 नगद तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में देवी टंडन (26 वर्ष), सोनू टंडन (23 वर्ष), शैलेन्द्र टंडन (18 वर्ष) और आर्यन जोशी उर्फ लेडी (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम पीपरखुंटा के निवासी हैं। वहीं चार विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इस पूरे अभियान में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुन्दरलाल गोरले सहित पुलिस टीम के अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

