पल्सर चोरी की जांच से खुली दो और चोरियों की परतें…निशानदेही पर 3 लाख कीमती सामान नहीं बल्कि तीन चोरी के सामान भी बरामद…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सरकंडा थाना पुलिस और ACCU की टीम ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लेकर उसकी निशानदेही पर एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक प्लेजर स्कूटी और एक सैमसंग मोबाइल बरामद कर जप्त किया है। पूछताछ में बाल अपचारी ने इन तीनों चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
मामले के अनुसार, सलीम मिरी (30 वर्ष) ने 1 सितंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की रात उनके कमरे के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BM 1677 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1242/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक बालक चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बालक को संरक्षण में लिया।
एक चोरी से खुला दो और वारदातों का राज
पूछताछ में बालक ने पल्सर बाइक को वाइजर का तार डायरेक्ट कर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद अन्य चोरियों के संबंध में पूछताछ करने पर उसने साइंस कॉलेज के पास एक घर से सैमसंग मोबाइल तथा खपरगंज जवाली नाला रोड, सिटी कोतवाली क्षेत्र से प्लेजर स्कूटी क्रमांक CG 04 MX 7653 चोरी करना भी बताया।

बाल अपचारी की निशानदेही पर सीपत रोड स्थित ज्योति होटल के पीछे पानी टंकी के पास से चोरी की पल्सर और प्लेजर स्कूटी बरामद की गई। वहीं उसके पास से चोरी का सैमसंग मोबाइल भी जप्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में विधि से संघर्षरत बालक होने के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
सरकंडा पुलिस और ACCU की इस त्वरित कार्रवाई से महज 24 घंटे के भीतर न केवल पल्सर चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि जांच के दौरान दो अन्य चोरी की वारदातों का भी पर्दाफाश हो गया।

