बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उमंग और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। नन्हे-नन्हे बच्चों ने कृष्ण, राधा और गोपियों का मनमोहक रूप धारण कर विद्यालय परिसर को मानो वृंदावन में तब्दील कर दिया। नृत्य, श्लोक एवं मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार एवं वाइस प्राचार्य श्रीमती तपोषी सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

जन्माष्टमी उत्सव के दौरान नन्हे कृष्ण-राधा और गोपियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। रूशिका मानिकपुरी, आस्था मरावी, अवनी मराठा, स्वाति सिंह परिहार, इशिका देवांगन, प्रिशा सिंह, ओजस्वी, आदिल एवं अवनी वर्मा ने ‘मैया यशोदा’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

वहीं साव्नी पटेल, हर्ष श्रीवास, शिवांश द्विवेदी एवं अक्षांश साहू ने मंत्रोच्चार के माध्यम से सुख, समृद्धि एवं सर्वकल्याण की मंगलकामना की। आरव कश्यप ने ‘राधा गोरी गोरी’ गीत पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

चिताक्षी राजपूत, लिसा चंद्राकर, जानवी नेताम एवं हर्षिका चदानी ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित लोगों को मधुबन के मनोहारी दृश्यों का दर्शन कराया।


वंश साहू, मिष्टी साहू एवं भाव्यांश कुर्रे द्वारा किए गए श्लोक उच्चारण से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता का संचार हुआ।

वाइस प्राचार्य तपोषी सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने कृष्ण, राधा रानी और गोपियों के रूप में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर विद्यालय परिसर को ब्रजधाम की झलक प्रदान की।

इस अवसर पर शिक्षिका दीपाली विश्वास ने श्लोक के माध्यम से बच्चों को श्रीकृष्ण के संदेश से अवगत कराते हुए कहा कि हमें सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए और बुराइयों से दूर रहना चाहिए।
प्राचार्य निवेदिता सरकार ने बच्चों को श्रीमद्भगवद्गीता के कर्मयोग का संदेश समझाते हुए कहा कि मनुष्य को फल की चिंता किए बिना निस्वार्थ भाव से अपने कर्म करते रहना चाहिए।

कार्यक्रम का सफल संचालन पुष्पा बैगुर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। नन्हे-मुन्नों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

