सिम्स में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा 20 वर्षीय युवक बिजली विभाग को सूचना देकर बंद कराई गई सप्लाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों के बीच बिलासपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मटकी बांधने की तैयारी कर रहा 20 वर्षीय युवक पास से गुजर रहे 11 केवी हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई और घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार राज खान (20), निवासी ओमनगर जरहाभाठा जन्माष्टमी आयोजन की तैयारी में जुटा था। बताया जा रहा है कि राजीव गांधी चौक के पास बनाए गए स्वागत गेट पर मटकी बांधने के लिए वह गेट के ऊपर चढ़ा था। इसी दौरान गेट के नजदीक से गुजर रहे 11 केवी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी। बिजली सप्लाई बंद होने के बाद घायल युवक को आनन-फानन में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हाईटेंशन तारों के पास आयोजन से पहले बरतें सावधानी-:
इस हादसे ने सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जन्माष्टमी, गणेशोत्सव या अन्य आयोजनों में मटकी, झंडे, सजावटी गेट या अन्य सामान लगाते समय आसपास मौजूद बिजली के तारों की दूरी का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

हाईटेंशन तारों के आसपास ऊंचाई पर चढ़कर कोई भी काम करना जानलेवा साबित हो सकता है। आयोजन समितियों को कार्यक्रम से पहले स्थल का निरीक्षण कर बिजली लाइनों की स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए और आवश्यकता होने पर संबंधित विभाग से विद्युत आपूर्ति बंद कराने तथा सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही तैयारी करनी चाहिए।
एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन सकती है। इसलिए उत्सव जरूरी है, लेकिन सुरक्षा उससे भी ज्यादा जरूरी है।

