विधायक अमर अग्रवाल ने बंदियों को दिया श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का संदेश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर केंद्रीय जेल बिलासपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर जेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बाल स्वरूप श्रीकृष्ण, झूले और धार्मिक सजावट ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान भजन-कीर्तन की गूंज से जेल परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बंदियों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की। भजन-कीर्तन के साथ आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा, जिसमें बंदियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

श्रीकृष्ण के जीवन से सीख लेने का संदेश
विधायक अमर अग्रवाल ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश देता है। उन्होंने बंदियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, अच्छे विचार और सही कर्म व्यक्ति को नई दिशा दे सकते हैं।
जन्माष्टमी के इस आयोजन का उद्देश्य बंदियों के भीतर आध्यात्मिक एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के दौरान जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बंदियों के साथ सहभागिता की और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक श्रीमती कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

