विनोबा नगर में कारखानानुमा एम्ब्रॉयडरी यूनिट सील जेपी विहार में दो दुकानें बंद गायत्री मंदिर के पास फुटपाथ से हटाया अतिक्रमण…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए विनोबा नगर में आवासीय मकान से संचालित एम्ब्रॉयडरी यूनिट को सील किया। वहीं जेपी विहार में स्कूल के 100 मीटर के दायरे में संचालित पान दुकान और पोल्ट्री दुकान को भी सील कर दिया गया। इसके अलावा विद्यानगर में गायत्री मंदिर के पास फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

विनोबा नगर में मकान बना था कारखाना, एम्ब्रॉयडरी यूनिट सील-:
विनोबा नगर की गली एल-8 में अंशुल पुरी द्वारा आवासीय मकान में व्यावसायिक एम्ब्रॉयडरी का काम संचालित किया जा रहा था। यहां कारखानानुमा सिलाई मशीनों के संचालन से तेज आवाज होने के कारण आसपास के रहवासियों को परेशानी होने की शिकायत नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे को मिली थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने जोन क्रमांक-4 की टीम को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में आवासीय परिसर में व्यावसायिक गतिविधि संचालित होना पाए जाने पर निगम की टीम ने गतिविधि बंद कराते हुए परिसर को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान जोन कमिश्नर अंकुर पांडेय, सब इंजीनियर रवि नवरंग, आरआई नीरज अग्रवाल, अतिक्रमण प्रभारी संतोष वर्मा, शिवबहादुर जायसवाल सहित निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

स्कूल के 100 मीटर दायरे में पान दुकान और पोल्ट्री फार्म सील-:
जेपी विहार क्षेत्र में भी नगर निगम ने नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। निगम की जांच में निशांत पोल्ट्री फार्म और साहू पान सेंटर स्कूल के 100 मीटर के निर्धारित दायरे में संचालित पाए गए। नियमानुसार शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निर्धारित दायरे में तंबाकू एवं संबंधित प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री पर रोक है।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद निगम की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूलों के आसपास प्रतिबंधित गतिविधियों को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाएगा।

गायत्री मंदिर के पास फुटपाथ को कराया अतिक्रमण मुक्त विद्यानगर स्थित गायत्री मंदिर के पास फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी निगम की टीम ने कार्रवाई की। मौके पर पहुंची टीम ने फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर सार्वजनिक आवागमन का रास्ता व्यवस्थित कराया।
निगम ने दुकानदारों और नागरिकों को सार्वजनिक फुटपाथ एवं मार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि यातायात और पैदल आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

