विधायक सुशांत शुक्ला के प्रयासों से गांवों को बड़ी सौगात कहीं सीसी रोड तो कहीं नाली व मुक्तिधाम और मंच निर्माण को मिली स्वीकृति…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार में क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को एक के बाद एक विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इसी कड़ी में विधायक सुशांत शुक्ला के प्रयासों से बेलतरा विधानसभा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 20 नए विकास कार्यों के लिए कुल 155.60 लाख यानी करीब 1.56 करोड़ की स्वीकृति मिली है।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से स्वीकृत इन कार्यों में सीसी रोड, नाली, मुक्तिधाम, अहाता और मंच निर्माण जैसे जनोपयोगी कार्य शामिल हैं। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद गांवों में आवागमन के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गांव-गांव पहुंचेगी विकास की सड़क-:
स्वीकृत कार्यों में सबसे अधिक जोर ग्रामीण संपर्क और आवागमन को बेहतर बनाने पर दिया गया है। उरतुम में नाली निर्माण, परसाही में सीसी रोड और नाली, नगोई में दो मुक्तिधाम, फरहदा में सीसी रोड एवं स्कूल में मंच निर्माण, लगरा में दो सीसी रोड, खैरा-(ल) में सीसी रोड तथा लोफंदी में 500 मीटर सीसी रोड का निर्माण शामिल है।
इसी तरह जलसो के नहारिभाठा में सीसी रोड, गतौरी में मंच निर्माण, सेंदरी में सामुदायिक भवन के सामने अहाता, मटियारी में दो सीसी रोड, रमतला में दो महत्वपूर्ण सीसी रोड तथा कछार में सीसी रोड और मुक्तिधाम में अहाता निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
रमतला और कछार को भी बड़ी सौगात
स्वीकृत कार्यों में रमतला और कछार को सर्वाधिक राशि मिली है। रमतला में पंचायत भवन के पास 400 मीटर सीसी रोड और गंगाजल तालाब से बाईपास तक 400 मीटर सीसी रोड के लिए कुल ₹20 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं कछार में अन्ना साहू के घर से भीमसेन तालाब की ओर सीसी रोड के लिए 10.40 लाख तथा मुक्तिधाम में अहाता निर्माण के लिए 10 लाख, कुल 20.40 लाख की स्वीकृति मिली है।
विधायक बोले-साय सरकार में बेलतरा में सांय-सांय हो रहा विकास:-
विधायक सुशांत शुक्ला ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है और इसका लाभ बेलतरा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों को भी लगातार मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि “साय सरकार में बेलतरा विधानसभा में साय-साय विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं। गांव-गांव तक सड़क, नाली, मुक्तिधाम और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जरूरतों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिले प्रस्तावों के आधार पर विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेलतरा विधानसभा के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनका संकल्प है।
20 कार्य बदलेंगे गांवों की तस्वीर-:
₹1.56 करोड़ के इन 20 विकास कार्यों को ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों से सीधे जोड़कर देखा जा रहा है। सीसी रोड बनने से कीचड़ और खराब रास्तों की समस्या से राहत मिलेगी, जबकि नाली निर्माण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। मुक्तिधाम, स्कूल, सामुदायिक भवन और अहाता निर्माण जैसे कार्य गांवों की सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करेंगे।
विधायक सुशांत शुक्ला के प्रयासों से मिली यह स्वीकृति बेलतरा के ग्रामीण अंचलों में विकास की नई कड़ी के रूप में देखी जा रही है। आने वाले दिनों में क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप और विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने का दावा भी किया गया है।

